Ranchi : नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली टीओपी अंतर्गत सपारोम से तीन लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा की गई पांच वर्षीय बच्ची को रांची पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची के अपहरण की सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। तकनीकी शाखा की मदद से पड़ोसी राज्य बिहार के गया जिले में गया पुलिस के सहयोग से 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई। अभियान के दौरान गया जंक्शन के पास स्थित एक होटल से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में मुख्य आरोपी की पहचान रमेश कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। वह पीड़िता के परिवार के घर के पास किराये के मकान में रहता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ गया ले गया और इसके बाद परिजनों से तीन लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। रांची पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से बच्ची को सुरक्षित वापस लाने में सफलता मिली, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।


