फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 26 जुलाई तक भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

0
324
बारिश

Ranchi: झारखंड में इस सप्ताह मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 26 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से लेकर भारी और अति भारी बारिश होने की संभावना है. साथ ही तेज गर्जन और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे सतर्क रहने की आवश्यकता है.

21 जुलाई को रांची, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, हजारीबाग, देवघर और गोड्डा जैसे जिलों में तेज हवा (30-40 किमी/घंटा) के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके असर से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

22 जुलाई को सामान्य से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 23 जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय होगा. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बन रहे दबाव के क्षेत्र के कारण उस दिन राज्य में भारी बारिश के आसार हैं. 24 जुलाई को विशेष रूप से पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

25 और 26 जुलाई को भी रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. इस दौरान रांची में आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 30-31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

अब तक रांची में 1 जून से 20 जुलाई तक 861 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 75% अधिक है. इससे साफ है कि इस बार मानसून ने राज्य में जोरदार दस्तक दी है. आगामी दिनों में मौसम सुहाना बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here