झारखंड में 1 मई से जनगणना-2027 का पहला चरण, ऐसे करें स्व-गणना 

0
109

Ranchi: जनगणना-2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 1 मई 2026 से होने जा रही है। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रथम चरण को दो भागों में विभाजित किया गया है। 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा दी जाएगी, जबकि 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य करेंगे।

चार हजार से अधिक कर्मियों की तैनाती

रांची जिला में इस कार्य के लिए कुल 4232 पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें 4134 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक शामिल हैं, जिनमें 1727 महिलाएं और 2407 पुरुष हैं। सभी संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा

नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना की व्यवस्था की गई है। 1 से 15 मई के बीच नागरिक आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाकर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह वैकल्पिक है। स्व-गणना के बाद प्राप्त SE-ID को सुरक्षित रखना होगा, जिसे प्रगणक के आने पर साझा करना आवश्यक होगा।

घर-घर जाकर होगी जानकारी संग्रह

16 मई से 14 जून के बीच प्रगणक प्रत्येक घर का दौरा कर मकान, उपलब्ध सुविधाओं और अन्य आवश्यक जानकारियों का विवरण दर्ज करेंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के हर परिवार का सटीक और पूर्ण डेटा एकत्र किया जाए।

गोपनीयता की पूरी गारंटी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना से जुड़ी सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्रित डेटा सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड रूप में रखा जाता है। किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी और इसका उपयोग किसी जांच या कर संबंधी कार्य में नहीं होगा।

हेल्पलाइन नंबर जारी

जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है।

नागरिकों से भागीदारी की अपील

प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही जानकारी उपलब्ध कराकर विकास की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में योगदान दें।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here