Palamu : जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र स्थित रेडमा ओवरब्रिज पर रविवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक के रेलिंग से टकराने के कारण दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों
मृतकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र निवासी आनंद कुमार और मिंशु कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पलामू के लेस्लीगंज इलाके में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
समारोह से लौटने के दौरान उनकी बाइक रेडमा ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसे भी पढ़ें- बिहार में एक और एनकाउंटर: हर्ष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी सोनू यादव ढेर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



