पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह का निधन, झारखंड की राजनीति में शोक की लहर

0
58

Ranchi: झारखंड के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह का मंगलवार देर रात निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज रांची के बरियातू स्थित पल्स अस्पताल में चल रहा था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्होंने रात 9 बजकर 5 मिनट पर अंतिम सांस ली।

जानकारी के अनुसार, उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो से रांची रेफर किया गया था। पिछले कई दिनों से वे अस्पताल में भर्ती थे।

माधव लाल सिंह झारखंड की राजनीति का एक बड़ा चेहरा रहे हैं। उन्होंने गोमिया विधानसभा क्षेत्र का चार बार प्रतिनिधित्व किया। वे वर्ष 1985, 1990, 2000 और 2009 में गोमिया से विधायक चुने गए थे। बिहार से लेकर झारखंड राज्य गठन तक उन्होंने हमेशा आम जनता की आवाज बुलंद की।

अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने बिहार सरकार और झारखंड सरकार में एक-एक बार मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाली। वे जमीन से जुड़े नेता माने जाते थे और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ थी।

उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कई नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

माधव लाल सिंह के निधन को झारखंड राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here