Ranchi: झारखंड सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्यभर के 201 डीएसपी (उप पुलिस अधीक्षक) का तबादला कर दिया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक राजधानी रांची समेत देवघर, गिरिडीह, बोकारो, पलामू, गढ़वा,धनबाद समेत लगभग सभी जिलों में तैनात कई डीएसपी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लंबे समय बाद हुए इस बड़े स्तर के तबादले को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों को जिले से बाहर भेजा गया है, जबकि कुछ को महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती मिली है।
गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जगह योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
इस बड़े फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संबंधित जिलों में नए अधिकारियों के पदभार ग्रहण करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।



