रांची में लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण हटाओ अभियान, विरोध में सड़क पर उतरे विस्थापित; डीपीएस चौक पर भारी जाम
एचईसी क्षेत्र में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन, बिरसा चौक-हरमू बाईपास रोड पर घंटों फंसे सैकड़ों वाहन, स्कूल बसों में बैठे बच्चों को हुई परेशानी
Ranchi: राजधानी रांची के एचईसी क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी जिला प्रशासन और रांची नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में हो रही इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय विस्थापितों और आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इसके कारण बिरसा चौक-हरमू बाईपास रोड स्थित डीपीएस चौक के समीप भीषण जाम लग गया। जाम में स्कूल बसों समेत सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों फंसे रहे।

बुधवार को जैसे ही जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम बुलडोजर और पुलिस बल के साथ एचईसी की सीमा के भीतर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने पहुंची, स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत सैकड़ों लोग सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

प्रदर्शनकारियों ने बाईपास रोड किया जाम
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने बिरसा चौक-हरमू बाईपास रोड को पूरी तरह जाम कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात बाधित होने से आम लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्कूल बसों में फंसे बच्चे
जाम में कई स्कूल बसें भी फंस गईं, जिससे बच्चों को भारी परेशानी हुई। घंटों तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहने के कारण सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
मौके पर तैनात पुलिस बल प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास कर रहा है। वहीं, एचईसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के लगातार दूसरे दिन भी जारी रहने से स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ है।


