Ranchi : राजधानी रांची में यातायात नियमों के उल्लंघन पर ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालकों का चालान काटा जा रहा है।

रांची यातायात पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को कुल 3,785 वाहन चालकों का चालान किया गया। इनमें 2,082 लोगों का बिना हेलमेट वाहन चलाने 1,176 लोगों का नो-पार्किंग क्षेत्र अथवा सड़क पर वाहन खड़ा करने तथा 197 लोगों का रेड लाइट जंप करने के आरोप में चालान काटा गया।
पुलिस के अनुसार, 1 जून से 6 जून के बीच महज छह दिनों में 30,420 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एक ही दिन में 3,785 चालान काटे जाने को हाल के दिनों की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करें तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।


