Ranchi : झारखंड के उत्पाद विभाग की वर्ष 2021-25 की परफॉर्मेंस ऑडिट रिपोर्ट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार ने ऑडिट रिपोर्ट में सामने आई अनियमितताओं को गंभीर बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Also Read- मैं हेमंत सोरेन की तरह गिरफ्तारी से डरकर भागने वालों में नहीं : बाबूलाल मरांडी
अविनेश कुमार ने कहा कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (PAG) की ऑडिट रिपोर्ट में उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं। उनके अनुसार रिपोर्ट में शराब कारोबार की निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा होलोग्राम की छपाई, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और राजस्व प्रबंधन से जुड़ी कई खामियों का उल्लेख किया गया है। भाजपा का दावा है कि इन अनियमितताओं के कारण राज्य सरकार को करीब 20 हजार करोड़ रुपये तक के संभावित राजस्व नुकसान की आशंका जताई गई है।
Also Read – West Bengal: रेप-मर्डर केस का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर
BJP ने आरोप लगाया कि शराब की बोतलों पर लगाए जाने वाले सुरक्षा होलोग्राम सरकारी व्यवस्था के बजाय निजी वेंडर से छपवाए गए। इसके अलावा शराब परिवहन में उपयोग किए जाने वाले वाहनों में जीपीएस सिस्टम का प्रभावी संचालन नहीं होने और ऑडिट टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने का भी रिपोर्ट में जिक्र किया गया है। उनका कहना है कि इन कमियों से निगरानी व्यवस्था कमजोर हुई और राजस्व संग्रह प्रणाली प्रभावित हुई।
BJP ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यदि ऑडिट रिपोर्ट में उठाए गए सवाल सही हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। भाजपा ने मुख्यमंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग भी की है और चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जवाबदेही तय नहीं की तो पार्टी इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर जनता के बीच उठाएगी।


