रांची में पुलिस सब इंस्पेक्टर के घर दिनदहाड़े लूट, बेटी को बंधक बनाकर 30 लाख नकद और 250 ग्राम सोना ले उड़े अपराधी

0

सदर थाना क्षेत्र में वारदात से मचा हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस; राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Ranchi : राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इस बार अपराधियों ने पुलिसकर्मी के घर को ही निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। सदर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सब इंस्पेक्टर के घर में घुसे अपराधियों ने उनकी बेटी को बंधक बना लिया। इसके बाद अलमारी तोड़कर करीब 30 लाख रुपये नकद, लगभग 250 ग्राम सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, वारदात सदर थाना क्षेत्र में बूटी मोड़ के पास वक्सफॉल फैक्ट्री के बगल स्थित इलाके की है। पीड़ित सब इंस्पेक्टर धनंजय शाही गोड्डा जिले में पदस्थापित हैं और वर्तमान में गोड्डा पुलिस लाइन में ड्यूटी कर रहे हैं। घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं थे।

पत्नी तीज का सामान खरीदने गई थीं, बेटी घर में थी अकेली

पीड़ित परिवार की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, 13 सितंबर को दिन में धनंजय शाही की पत्नी तीज का सामान खरीदने के लिए घर से बाहर गई थीं। उनका बेटा भी ट्यूशन पढ़ने गया हुआ था। इस दौरान घर में उनकी बेटी अकेली थी। इसी मौके का फायदा उठाकर अपराधी घर में घुस गए।

आरोप है कि अपराधियों ने घर में मौजूद बेटी को अपने कब्जे में लेकर उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे नकदी और जेवरात निकालने लगे। अपराधियों ने करीब 30 लाख रुपये नकद, लगभग 250 ग्राम सोने के जेवरात और चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान समेट लिया।

बैग में भरकर ले गए नकदी और जेवरात

वारदात के बाद अलमारी पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। पीड़ित परिवार के मुताबिक, अपराधी नकदी और जेवरात को बैग में भरकर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान घर में मौजूद बेटी बुरी तरह डर गई। वारदात के बाद से वह सदमे में है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे किसी परिचित या मुखबिर की भूमिका तो नहीं है।

पुलिस सब इंस्पेक्टर के घर में घुसकर उनकी बेटी को बंधक बनाने और लाखों की संपत्ति लूटने की इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here