Jhar Media: लोक आस्था का महापर्व छठ आज शनिवार से पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आरंभ हो रहा है। सूर्य उपासना का यह पर्व चार दिनों तक चलने वाला एक अद्भुत अनुष्ठान है, जिसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है और समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होता है। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश सहित देशभर के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालु इस पर्व की तैयारियों में जुटे हैं। राजधानी पटना में गंगा घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं, जबकि घर-घर में छठी मैया के गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बन गया है। वहीं झारखंड के विभिन्न जिलों में भी छठ पूजा शुरू हो गई है।
नहाए खाए के साथ महापर्व की शुरुआत
रविवार को दूसरे दिन खरना पूजन का आयोजन होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम में सूर्यास्त के बाद गुड़ और ईख के रस से बने खीर-रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत आरंभ होता है। व्रत के इस चरण में व्रती जल तक ग्रहण नहीं करते हैं और पूर्ण मनोयोग से भगवान सूर्य की आराधना में लीन रहते हैं।



