बच्चों की जान बचाने में पिता ने दी अपनी जान, कारो नदी में डूबने से दामु हेंब्रम की मौत

0
66

गुवा थाना क्षेत्र के ठाकुरा गांव के पास दर्दनाक हादसा, पूरे इलाके में शोक की लहर

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने दो मासूम बेटों की जान बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन इस साहसिक प्रयास में पिता की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गुवा के लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम शुक्रवार सुबह अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव के समीप बहने वाली कारो नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और दोनों बच्चे गहरे पानी में बहने लगे।

बिना देर किए नदी में लगा दी छलांग

अपने बच्चों को डूबता देख दामु हेंब्रम ने बिना एक पल गंवाए उफनती नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना संघर्ष करते हुए दोनों बेटों को सुरक्षित नदी किनारे पहुंचा दिया। हालांकि बच्चों को बचाने की इस कोशिश में दामु खुद अत्यधिक थक गए और नदी के गहरे पानी में डूब गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दामु हेंब्रम को नदी से बाहर निकालकर गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इलाके में शोक, पिता के साहस को लोग कर रहे सलाम

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। दामु हेंब्रम के इस अदम्य साहस और अपने बच्चों के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान की हर कोई सराहना कर रहा है। उनकी बहादुरी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि एक पिता अपने बच्चों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here