होटवार जेल यौन शोषण मामले में नया मोड़, महिला बंदी ने आरोपों को बताया निराधार

0
98

Ranchi: होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद एक महिला कैदी के साथ कथित दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने की चर्चाओं के बीच मामले में नया मोड़ आ गया है. जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद महिला ने सामने आकर सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में गिरफ्तार महिला होटवार जेल में बंद थी. इसी दौरान उसके साथ जेल परिसर में दुष्कर्म होने और गर्भवती होने की खबरें सामने आई थीं. मामले ने उस समय राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मचा दी थी. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रेस वार्ता कर जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए थे. वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने भी संज्ञान लिया था.

इसे भी पढ़ें- हॉर्मुज में माइंस बिछा रहा था ईरान, US ने किया बड़ा हमला

हालांकि, जेल से बाहर आने के बाद महिला ने मीडिया के सामने कहा कि उसके साथ जेल के अंदर किसी भी प्रकार की कोई गलत घटना नहीं हुई. उसने स्पष्ट किया कि उसने किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है और न ही जेल परिसर में किसी तरह की अनैतिक गतिविधि हुई है.

महिला ने कहा कि जेल के भीतर ऐसी घटना होना संभव नहीं है और उसे स्वयं भी नहीं पता कि इस तरह की खबरें और आरोप बाहर कैसे पहुंचे. उसने सभी चर्चाओं और आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया.

इसे भी पढ़ें- क्या होता है 2 जून की रोटी का महत्त्व और क्यों कही जाती है यह कहावत, जानें

वहीं, महिला की मां ने भी बेटी के साथ किसी प्रकार की गलत घटना होने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि परिवार को ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है और जो बातें सामने आईं, वे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं.

महिला के बयान के बाद इस पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है. अब सभी की नजरें अदालत और संबंधित जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके.

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here