झारखंड में पहली बार सजेगा फुटबॉल का महाकुंभ, डूरंड कप- 2026 की मेजबानी के लिए रांची तैयार

0
53

26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होंगे मुकाबले, 18 जुलाई को निकलेगा ट्रॉफी टूर

Ranchi राजधानी पहली बार देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 की मेजबानी करने जा रही है। 26 जुलाई से 16 अगस्त तक मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियममें होने वाले मुकाबलों को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

Also Read – रांची में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, छह महीने में 52 हजार से अधिक डॉग बाइट के मामले

बैठक में सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने फायर सेफ्टी, स्टेडियम ब्रांडिंग, खिलाड़ियों और अधिकारियों के आवास, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था तथा आमंत्रण पत्र वितरण की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। मैचों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति करने तथा पुलिस को सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, रांची नगर निगम को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने को कहा गया।

Also Read- हॉर्मुज में माइंस बिछा रहा था ईरान, US ने किया बड़ा हमला

टूर्नामेंट को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से 18 जुलाई को भारतीय थल सेना की ओर से रांची में डूरंड कप ट्रॉफी टूर आयोजित किया जाएगा। ट्रॉफी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जिससे नागरिकों को इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, सेना के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, ऊर्जा विभाग एवं झारखंड खेल प्राधिकरण के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को झारखंड में फुटबॉल और खेल संस्कृति को नई पहचान देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here