Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर उठे विवाद और जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। सूत्रों के अनुसार, परीक्षा परिणाम में कथित अनियमितताओं के आरोपों और बढ़ते राजनीतिक व प्रशासनिक दबाव के बीच उनका इस्तीफा सामने आया है।
TDPL से जुड़े कार्यालयों में छापेमारी
इससे पहले सीआईडी (CID) और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने जेपीएससी कार्यालय और परीक्षा संचालन एजेंसी TDPL से जुड़े कार्यालयों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसियों ने टीडीपीएल के कार्यालय को सील कर दिया। वहीं, जेपीएससी की पूर्व असिस्टेंट एग्जामिनेशन कंट्रोलर समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
परिणामों में धांधली का आरोप
14वीं प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों ने परिणामों में धांधली का आरोप लगाया था। इसे लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन और निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही थी। छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
जांच एजेंसियों की बढ़ी सक्रियता
अब अध्यक्ष के इस्तीफे और जांच एजेंसियों की सक्रियता के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। उम्मीद की जा रही है कि जांच पूरी होने के बाद परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल राज्य सरकार और जांच एजेंसियों की ओर से मामले की विस्तृत जांच जारी है।


