रांची/चाईबासा: झारखंड की जेल सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी और कई आपराधिक मामलों की आरोपी रिया सिन्हा के पास से चाईबासा मंडल कारा में प्रवेश के दौरान एक स्मार्टफोन, चार सिम कार्ड, चार्जर और एडॉप्टर बरामद किया गया। मामले में चाईबासा सदर थाना में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रांची से चाईबासा जेल हुई थी ट्रांसफर
जानकारी के अनुसार, रिया सिन्हा को रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से प्रशासनिक आदेश पर चाईबासा मंडल कारा स्थानांतरित किया गया था। जेल में प्रवेश से पहले महिला पुलिस अधिकारी द्वारा की गई तलाशी के दौरान उसके ब्लेजर से एक स्मार्टफोन, चार सिम कार्ड, चार्जर और एडॉप्टर बरामद हुए। बरामदगी के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जेलकर्मियों की भूमिका की जांच
इस संबंध में चाईबासा सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित सामान रिया सिन्हा तक कैसे पहुंचा और इसमें किसी जेलकर्मी या अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
रिया सिन्हा झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी है। अक्टूबर 2025 में रांची पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद खुलासा किया था कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह के बीच संपर्क स्थापित कराने में रिया की अहम भूमिका थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
Also Read – कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम ढहने से 16 मजदूरों की मौत, बचाव अभियान पूरा
उल्लेखनीय है कि सुजीत सिन्हा फिलहाल साहिबगंज जेल में बंद है और उसके खिलाफ रंगदारी, हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, इस ताजा बरामदगी ने झारखंड की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधित सामान की उपलब्धता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read –मल्टी नेशनल में कार्यरत युवती बनी लव जिहाद की शिकार, पलामू के युवक पर आरोप


