रांची रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में मिला नवजात, मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक ने सुनीं रोने की आवाज

0
तस्वीर- रांची से बरामद नवजात

Ranchi: राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की गली में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा मिला. यह स्थान सेरसा स्टेडियम के ठीक सामने वाली गली में पड़ता है. स्थानीय लोगों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की वजह से नवजात को सुरक्षित बचा लिया गया है.

मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक ने सबसे पहले देखा

घटना गुरुवार सुबह की है. रोज की तरह इलाके के लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. इसी दौरान एक युवक की नजर गली के कोने में कपड़े में लिपटे एक नवजात बच्चे पर पड़ी. बच्चे के रोने की हल्की आवाज सुनकर युवक पास गया और माजरा समझते ही आसपास के लोगों को आवाज दी. देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई.

इसे भी पढ़ें- रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग में भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात से रहें सावधान

आवारा कुत्तों से बाल-बाल बचा मासूम

स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते युवक की नजर नवजात पर नहीं पड़ती, तो कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी. क्षेत्र में आवारा कुत्तों का काफी जमावड़ा रहता है. मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा थी कि कुत्तों की नजर पड़ने से पहले ही बच्चे को देख लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई.

आरपीएफ और पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने बिना समय गंवाए नवजात को अपने संरक्षण में लिया और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की निगरानी में बच्चे का इलाज जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें-  रांची में बड़ा हादसा: पुरानी पानी की टंकी ढही, दो लोगों की मौत

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तड़के अंधेरे का फायदा उठाकर मासूम को वहां कौन छोड़ गया. इसके लिए आसपास के क्षेत्रों और रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के प्रवेश द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी हाल ही में हुए प्रसव का विवरण जुटाना शुरू कर दिया है.

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here