Ranchi: झारखंड में गर्मी ने अब अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है. राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी हो रही है और लू जैसे हालात बनते जा रहे हैं. हालांकि रविवार शाम को रांची, बोकारो और पूर्वी सिंहभूम में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को कुछ राहत जरूर दी.
डाल्टनगंज में सबसे अधिक तापमान
बीते 24 घंटे में बोकारो में 27 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम कुछ समय के लिए सुहावना हो गया. दूसरी ओर, डाल्टनगंज में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा.
अगले कुछ दिनों में फिर बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. सोमवार शाम तक रांची, धनबाद, बोकारो, साहिबगंज, गोड्डा, जामताड़ा, कोडरमा, गिरिडीह, दुमका, पूर्वी-पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में हल्की बारिश हो सकती है. इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. हालांकि पलामू, गढ़वा, चतरा और लोहरदगा में बारिश की संभावना कम है.
दोपहर की गर्मी अब भी रहेगी भारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सुबह और दोपहर में तेज धूप से राहत मिलने की संभावना नहीं है. दोपहर के समय तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
2 से 5 जून तक का पूर्वानुमान
2 और 3 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. 4 और 5 जून को उत्तरी और मध्य झारखंड में भी बारिश हो सकती है. हालांकि इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. 5 जून के बाद मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है.



