झारखंड में रोजगार एवं स्वरोजगार अभियान का सफल आयोजन: 105 युवाओं को मिला रोजगार

0
202

Ranchi: झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी (JSDMS) की प्रमुख योजना मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत वज़ीर एडवाइजर्स प्रा. लि., रांची द्वारा एक विशेष रोजगार एवं स्वरोजगार अभियान का आयोजन किया गया. इस अभियान का उद्देश्य राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्थायी रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना रहा.

कार्यक्रम में वज़ीर एडवाइजर्स, ओसीफिट, बढ़ते कदम, ट्राई, जयराम एजुकेशन ट्रस्ट और मैट्रिक्स क्लोदिंग जैसे प्रतिष्ठित प्रशिक्षण सेवा प्रदाताओं ने भाग लिया. कुल 310 प्रशिक्षु इस आयोजन में शामिल हुए. रोजगार साक्षात्कार में 105 प्रशिक्षुओं का चयन प्रमुख कंपनियों – बेस्ट कॉरपोरेशन, आरपीएनएन, नेहा एसोसिएट्स, 2050, अवसर एचआर सर्विसेज, हेल्दी होम और मैट्रिक्स क्लोदिंग – द्वारा किया गया, जिनमें से 40 को मौके पर ही ऑफर लेटर सौंपे गए.

स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 24 प्रशिक्षुओं को टूलकिट्स वितरित किए गए. विभिन्न क्षेत्रों में टूलकिट्स वितरित किये गए. जिसमें अपैरल सेक्टर में रूबी, सालिनी और रूपेश कुमारी को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं. इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में अंजू, पूजा, अल्का और रौनिश कुमारी को तकनीकी टूलकिट्स दिए गए. हेल्थकेयर सेक्टर में मुस्कान रिज़ल, वर्षा और ज्योति को मेडिकल टूलकिट्स प्रदान किए गए. TRY, बढ़े कदम और जयराम एजुकेशन ट्रस्ट से जुड़े अन्य प्रशिक्षुओं को भी टूलकिट्स प्रदान किए गए.

कार्यक्रम में एक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उत्सव का माहौल बना दिया. यह आयोजन मिशन निदेशक शैलेन्द्र कुमार लाल के मार्गदर्शन में, जिला कौशल पदाधिकारी अविनाश कृष्ण, JDDUA के विनय कुमार तथा UNDP के चन्द्रशेखर सिंह की सहभागिता से सम्पन्न हुआ. UNDP के ऋषिकेश आर्यन ने मुख्यमंत्री सारथी योजना को युवाओं के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताते हुए इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025 में भाग लेने का आह्वान किया. पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवम्बर 2025 है.

वज़ीर एडवाइजर्स के ऑपरेशंस मैनेजर कौशल सोनी ने बताया कि संस्था अब तक 8000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित कर चुकी है और वर्तमान में रांची एवं बोकारो में प्रशिक्षण केंद्रों का संचालन कर रही है. उन्होंने यह भी बताया कि नए प्रशिक्षुओं के नामांकन की प्रक्रिया जारी है और अभी लगभग 240 सीटें उपलब्ध हैं. यह पहल झारखंड के युवाओं को न केवल रोजगारोन्मुख कौशल प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here