धनबाद में फिर बढ़ी टेंशन, सिंह मेंशन पर बमबाजी के बाद सनसनी

0
273

Jhar Media: धनबाद के चर्चित ‘सिंह मेंशन’ पर आधी रात को अज्ञात अपराधियों द्वारा बम से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह हमला झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास पर हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 12 बजे के आसपास जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि हमलावर काली रंग की थार कार से आए थे और हमला करने के बाद तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह है कि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भवन के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए धनबाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। बम के प्रकार और उसकी क्षमता का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

विधायक रागिनी सिंह या उनके परिवार की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले सिंह मेंशन पर हमले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here