Ramgarh: जिले के गोला थाना क्षेत्र में देर रात प्रतिबंधित चमड़े की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से करीब 11 टन प्रतिबंधित चमड़ा लदे एक ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में गोला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया और उसमें सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय लोगों ने पकड़ा
जानकारी के अनुसार, देर रात क्षेत्र से गुजर रहे संदिग्ध ट्रक पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने वाहन को रोक लिया और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची गोला थाना पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित चमड़ा बरामद हुआ।
गोला थाना में प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में गोला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित चमड़ा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी के पीछे सक्रिय गिरोह और अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

