Ranchi: मंगलवार शाम झारखंड के कई हिस्सों में हुई तेज बारिश के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. राजधानी रांची के साथ-साथ लातेहार, लोहरदगा और पलामू जिलों में जोरदार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, कई इलाकों में जलजमाव की समस्या ने लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दी हैं.
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दोपहर 2 से 3 बजे के बीच मौसम में अचानक बड़ा बदलाव आ सकता है. इस दौरान तेज आंधी, मूसलधार बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है. विभाग ने चेतावनी दी है कि शाम के समय कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान चल सकते हैं.
साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, कोडरमा, गिरिडीह, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, लोहरदगा, पलामू, गढ़वा, गुमला और पाकुड़ जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन क्षेत्रों में तीव्र वज्रपात की भी संभावना है, जिससे जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
विभाग का यह भी कहना है कि बारिश के चलते राज्य भर में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. गरज और तेज हवाओं के साथ होने वाली इस बारिश से मौसम सुहावना हो जाएगा और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी.



