Latehar: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के कोमर गांव में रविवार देर रात बिजली के तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों के झुंड में शामिल कुछ अन्य हाथी भी करंट की चपेट में आकर घायल हुए हैं. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
बताया जा रहा है कि कोमर गांव और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों का आतंक बना हुआ था. हाथियों का झुंड रात होते ही गांव में प्रवेश कर रहा था और घरों के साथ-साथ खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था. इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल था.
रविवार देर रात भी जंगली हाथियों का झुंड गांव में पहुंच गया. इसी दौरान एक घर के बाहर लगे बिजली के तार की चपेट में हाथियों का झुंड आ गया. करंट लगने से एक हाथी की मौके पर ही मौत हो गई.
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के दौरान रात में हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज काफी देर तक सुनाई दे रही थी. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बिजली के करंट की चपेट में आने से झुंड के कुछ अन्य हाथी भी घायल हुए होंगे. हालांकि, वन विभाग की ओर से अभी तक अन्य हाथियों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
वन विभाग की टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. टीम द्वारा मृत हाथी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बिजली का तार किस स्थिति में था और हाथी इसकी चपेट में कैसे आया.
घटना के बाद वन विभाग की टीम इलाके में हाथियों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है, ताकि झुंड में मौजूद अन्य हाथियों का पता लगाया जा सके और ग्रामीणों को किसी संभावित खतरे से बचाया जा सके.
ग्रामीणों में दहशत
हाथियों के लगातार गांव में प्रवेश करने और घरों व फसलों को नुकसान पहुंचाने से ग्रामीण पहले से परेशान हैं. अब बिजली के तार की चपेट में आकर हाथी की मौत की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को गांव से दूर रखने और इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.


