Patna: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के अंतिम चरण की वोटिंग शुरू हो गई है. इसको लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. लोग सुबह से ही लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. आज की वोटिंग से 20 जिलों की 122 सीटों के 1302 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा. इसमें 12 मंत्री भी शामिल हैं. मतदाताओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए गए हैं.
चार लाख सुरक्षाकर्मी तैनात
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं. राज्य में दूसरे चरण के तहत 122 विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं. राज्य पुलिस सूत्रों के अनुसार, लगभग 8,491 मतदान केंद्रों (पीएसएल) को संवेदनशील के तौर पर चिह्नित किया गया है.
इस चरण में नीतीश कुमार मंत्रिमंडल के आधा दर्जन से अधिक मंत्री भी शामिल हैं. दूसरे चरण में जिन जिलों में मतदान होना है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं, ये सभी नेपाल की सीमा से सटे हुए जिले हैं.



