Ranchi: शहर के कई इलाकों में सोमवार (16 मार्च) को बिजली आपूर्ति कई घंटों तक बाधित रहेगी। बिजली विभाग ने मेंटेनेंस और तकनीकी कार्यों को लेकर यह सूचना जारी की है। विभाग के अनुसार अलग-अलग फीडरों में काम होने के कारण कई क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए बिजली बंद रहेगी।
बिजली विभाग के मुताबिक कोकर डिवीजन के आरएमसीएच सब डिवीजन के अंतर्गत बड़गाईं फीडर में आरडीएसएस योजना के तहत कार्य किया जाएगा। इस योजना के तहत एलटी के नंगे तारों को कवर केबल में बदला जाएगा और नए पोल भी लगाए जाएंगे। इस कारण सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक प्रगतिशील कॉलोनी, बड़गाईं समेत आसपास के क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर बंद रहेगा, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
वहीं दूसरी ओर डोरंडा अवर प्रमंडल के अंतर्गत 11 केवी राजेंद्र चौक फीडर में भी मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इसके चलते सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कई इलाकों में बिजली गुल रहेगी।
बिजली कटौती से रेहसलदार नगर, डोरंडा हॉस्पिटल, 108 एंबुलेंस ऑफिस समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहने को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारी कर लें।
बता दें कि इन दिनों शहर के कई हिस्सों में एलपीजी गैस की किल्लत की भी शिकायत सामने आ रही है। ऐसे में सप्ताह की शुरुआत में ही बिजली बाधित रहने से लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित होने की आशंका है।



