Report- Raju
Baghmara: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,बाघमारा में विद्या विकास समिति,झारखंड के द्वारा आयोजित 30 अगस्त से 1 सितम्बर तीन दिवसीय प्रांतीय विज्ञान मेला का समापन समारोह का आयोजन मंचासीन अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया. विद्यालय प्राचार्य संतोष कुमार झा ने मंचासीन अतिथियों का परिचय करवाया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि बाघमारा विधानसभा के विधायक शत्रुघ्न महतो, मुख्य वक्ता विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के राष्ट्रीय मंत्री ब्रह्माजी राव, विद्या विकास समिति,झारखंड के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा, प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष माधव सिंह,सचिव सह विज्ञान मेला संयोजक विनय कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल उपस्थित थे.
कार्यक्रम का वृत्त प्रांतीय विज्ञान प्रमुख संजीव कुमार के द्वारा प्रस्तुत किया गया. संपूर्ण विज्ञान मेला में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रथम स्थान पर विद्यालय स.शि.वि.मंदिर,बरगंडा (गिरिडीह) और द्वितीय स्थान पर राजकमल स.शि.वि.मंदिर,धनबाद को पुरस्कृत किया गया.
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के राष्ट्रीय मंत्री ब्रह्माजी राव ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि देशभक्ति हमारे शरीर की आत्मा है. उन्होंने भैया-बहनों को देशभक्ति के लिए प्रेरित किया और कहा कि यदि देश को समृद्ध बनाना है और गरीबी को दूर करना है तो वैज्ञानिक प्रगति आवश्यक है.साथ ही उन्होंने अंधविश्वास से दूर रहने की भी सलाह दी.
बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज विज्ञान का युग है और विज्ञान मेला एक ऐसा अवसर है जिसमें हमारे बाल वैज्ञानिकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है. ये बालक ही बड़े होकर दुनिया के सामने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हैं.
विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष माधव सिंह ने कहा कि यह प्रांतीय विज्ञान मेला बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने बाल वैज्ञानिकों के रूप में विभिन्न झारखंड प्रांत के विभिन्न विद्यालयों के भैया-बहनों को उनकी अद्भुत प्रतिभा दिखाने के लिए उनका धन्यवाद किया. प्रांतीय विज्ञान मेला में संपूर्ण झारखंड से समस्त शिशु विद्या मंदिर से 48 विद्यालय के 561 प्रतिभागी सम्मलित हुए.
इस प्रांतीय विज्ञान मेला में चयनित भैया-बहन क्षेत्रीय विज्ञान मेला-2025 में सम्मलित होंगे. धनबाद विभाग के विभाग प्रमुख नीरज कुमार लाल ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार प्रकट किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में धनबाद विभाग के विभाग प्रमुख नीरज कुमार लाल, हजारीबाग विभाग के विभाग प्रमुख ब्रजेश कुमार, राँची विभाग के विभाग प्रमुख विवेक नयन पांडेय, विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्य व संपूर्ण विद्यालय परिवार का सराहनीय सहयोग रहा.



