Palamu News: गोलगप्पा खाने से 150 बच्चे बीमार, हड़कंप

0
264

Palamu: झारखंड के पलामू जिला में गोलगप्पा खाने के बाद बीमार हुए बच्चों की संख्या बढ़कर 150 से अधिक हो गई है। यह मामला पांकी थाना क्षेत्र का है, जहां एक ठेले पर गोलगप्पा खाने के बाद बड़ी संख्या में बच्चे उल्टी और दस्त की शिकायत करने लगे।

जानकारी के अनुसार, बीमार बच्चों की उम्र पांच से 15 वर्ष के बीच है। अचानक इतने बच्चों की तबीयत बिगड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष कैंप लगाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चों का इलाज कर रही है।

चिकित्सकों के मुताबिक, सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर हैं। कई बच्चों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें दवा देकर घर भेज दिया गया है, जबकि कुछ बच्चों को एहतियातन निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों का अनुमान है कि दूषित पानी या खराब सामग्री से बने गोलगप्पे खाने की वजह से फूड पॉइजनिंग की स्थिति उत्पन्न हुई।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है। खाद्य पदार्थों की जांच और ठेले संचालक से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि बीमारी के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here