Patna: बेमौसम बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है. सोमवार को इसका असर देखने को मिला. पटना और उसके आसपास के जिलों में तेज हवा व गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. वहीं कई हादसे भी हुए।मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार शाम 5:30 बजे तक 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी. इसके बाद एक घंटे तक बारिश जारी रही।हवा की गति 57 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी
वहीं दुल्हिनबाजार प्रखंड में ओले गिरने की पुष्टि हुई है. जिससे गेहूं, सब्जी, मक्का जैसी फसलें बर्बाद हो गईं. कई खपरैल और झोंपड़ीनुमा मकानों को भी क्षति पहुंची है. ग्रामीणों में गहरी चिंता और आर्थिक संकट का माहौल बन गया है. बिहटा के कुंजवा गांव, बिहटा में मोहन विश्वकर्मा के बेटे रौशन कुमार के तिलक समारोह के दौरान तेज हवा के चलते पंडाल, करकट की छत और रेलिंग गिर गई. हादसे में 13 लोग घायल हुए, जिनमें 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
वहीं सकसोहरा थाना अंतर्गत बाजार क्षेत्र में सरकारी जमीन पर झोंपड़ी बनाकर रह रहे मोहम्मद तारा का घर तेज हवा में गिर गया. झोंपड़ी के मलबे में दबकर दो बच्चे घायल हुए. इलाज के दौरान बच्चा मोहम्मद शाहबाज की मौत हो गई. पटना साहिब महोत्सव, जो सोमवार को शुरू होना था, बारिश और जलजमाव, फिसलन के कारण स्थगित कर दिया गया. कार्यक्रम स्थल कंगन घाट पर मंच और बैठने की व्यवस्था जलमग्न और कीचड़युक्त हो गई. डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने मौके पर पहुंच कर कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा की.



