बिहार में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में तेज आंधी के साथ ओले गिरने के आसार

0
253
बारिश

Patna: बिहार में गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई कि बारिश ने रंग दिखाना शुरू कर दिया. कुछ दिनों से प्रदेश में तेज गर्मी पड़ रही थी. इसी बीच रविवार स मौसम बदला और बारिश शुरु हो गया. पटना समेत राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की बारिश हुई, जबकि उत्तर बिहार के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ ओले भी गिरे. सोमवार को भी इसका असर देखने को मिला।

राजधानी पटना समेत कई जिलों में सुबह से ही हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी राहत का सिलसिला जारी रहेगा. बिहार के 25 जिलों के लिए वज्रपात और ओलावृष्टि का हाई अलर्ट जारी किया गया है. आपदा प्रबंधन विभाग ने मधुबनी, गया, भोजपुर, पटना, जहानाबाद, नालंदा, अरवल, औरंगाबाद, बक्सर, गोपालगंज, खगड़िया, लखीसराय, मुजफ्फरपुर, नवादा, वैशाली, सारण सहित अन्य जिलों में सतर्कता बरतने की अपील की है.

उत्तर बिहार के जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां सोमवार को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, पटना सहित दक्षिण बिहार के इलाकों में येलो अलर्ट के तहत तेज हवा और आंधी-पानी की चेतावनी दी गई है. वहीं, सारण जिले में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। खेतों और खलिहानों में रखी गेहूं और सरसों की फसलें भीग गईं और कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं.

मुजफ्फरपुर के कुछ प्रखंडों में भी ओलावृष्टि दर्ज की गई. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्सों से लेकर बिहार और उत्तरी बांग्लादेश तक निम्न वायु द्रोणिका सक्रिय है, जबकि मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण क्षेत्र बना हुआ है. बीते दिन यानी रविवार को पटना में दिनभर बादल छाए रहे और गरज-चमक के साथ बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया.

राजधानी में अधिकतम तापमान में सात डिग्री की गिरावट आई और यह 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, डेहरी 41.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। बारिश के आंकड़ों की बात करें तो किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में सबसे अधिक 14.6 मिमी और किशनगंज शहर में 5.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. राजधानी पटना में रविवार को 4.6 मिमी और अरवल में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अरवल को छोड़कर बाकी सभी जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई. लोगों को भले ही गर्मी से राहत मिली हो, लेकिन बेमौसम बारिश का असर फसल के लिए ठीक नहीं है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here