Ranchi : झारखंड में सभी सिविल कोर्ट के कार्य समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। न्याययुक्त की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 13 अप्रैल (सोमवार) से कोर्ट का संचालन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। नए समय के अनुसार सभी न्यायिक कार्य इसी अवधि में संपन्न होंगे। नए टाइम टेबल में लंच ब्रेक का समय भी बदला गया है। अब सुबह 10 बजे से 10:30 बजे तक आधे घंटे का भोजनावकाश रहेगा। इससे पहले कोर्ट में अलग समय पर लंच ब्रेक दिया जाता था। अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव से कोर्ट के कामकाज को और अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक कार्यवाही
मालूम हो कि रांची सिविल कोर्ट 6 अप्रैल से मॉर्निंग शेड्यूल पर चल रहा था। उस समय अदालत सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित हो रही थी। साथ ही सुबह 9 बजे से 9:30 बजे तक लंच ब्रेक निर्धारित था। अब नए आदेश के तहत कार्य अवधि में थोड़ा बदलाव किया गया है और लंच ब्रेक का समय भी संशोधित किया गया है। न्यायालय प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से केसों की सुनवाई में तेजी आएगी और कामकाज अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा। वहीं वकीलों और वादियों को भी नए समय के अनुसार अपनी दिनचर्या तय करने की सलाह दी गई है।



