Hazaribagh : बड़कागांव थाना क्षेत्र के डेली मार्केट के समीप शनिवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी शोरूम में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना करीब सुबह 11:30 बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार कई अपराधी दुकान में ग्राहक बनकर दाखिल हुए और कुछ ही देर में हथियार निकालकर दुकानदार और कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। अपराधियों ने ज्वेलरी दुकानदार प्रभु सोनी से करीब 22 से 25 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों की संख्या तीन से चार बताई जा रही है। सभी के पास हथियार थे और उन्होंने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान दुकान में मौजूद लोगों को डराकर एक तरफ खड़ा कर दिया गया, ताकि कोई विरोध न कर सके। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में पूरी कर ली गई। लूटपाट के दौरान आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में अपराधियों के भागने की दिशा और उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच भी की जा रही है।
दुकानदार प्रभु सोनी ने पुलिस को बताया कि अपराधियों ने हथियार के बल पर अलमारी खुलवाई और सोने के आभूषण अपने बैग में भर लिए। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



