Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने शनिवार को चतरा और रामगढ़ में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य की हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशन लाल चौधरी, रामगढ़ प्रभारी शशिभूषण भगत, अमरनाथ चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रवीण मेहता, अमेंद्र गुप्ता, महामंत्री राजू चतुर्वेदी, रंजीत पांडेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार पिछले छह वर्षों से जनता को केवल धोखा दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के आदिवासी, दलित और पिछड़े समाज के लोग आज खुद को ठगा और प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। उनके अनुसार राज्य में उद्योग-धंधे बंद हो रहे हैं और उद्योगपति व व्यापारी वर्ग असुरक्षा के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।
साहू ने कहा कि राज्य में फिरौती और धमकी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे कारोबारी वर्ग भयभीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर व्यापारी अपराधियों से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय उन्हें अपमानित कर रही है।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद का वादा किया था, जो पूरी तरह विफल साबित हुआ। किसान आज भी बिचौलियों के माध्यम से धान बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में आदिवासी जमीन की लूट हो रही है और पेसा नियमावली के मामले में भी जनजातीय समाज को निराश किया गया है।
आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में सरकार को सबक सिखाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने लोककल्याणकारी बजट पेश किया है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि इस बजट में झारखंड के लिए भी कई संभावनाएं हैं, जिनका लाभ राज्य सरकार को उठाना चाहिए।


