Patna: बिहार में बढ़ते अपराध और खासकर व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या के बाद राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष नीतीश कुमार सरकार पर लगातार हमलावर है. कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बिहार को “भारत की क्राइम कैपिटल” करार देते हुए कहा कि राज्य में अपराध ‘नया नॉर्मल’ बन चुका है और भाजपा-नीतीश सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “बिहार लूट, गोली और हत्या के साए में जी रहा है. जो सरकार आपके बच्चों की सुरक्षा नहीं कर सकती, वह आपके भविष्य की जिम्मेदारी भी नहीं ले सकती.”
राहुल गांधी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अब वक्त एक नए बिहार का है — जहां डर नहीं, तरक्की हो. उनका कहना था कि इस बार वोट सिर्फ सरकार बदलने के लिए नहीं, बल्कि बिहार को बचाने के लिए होना चाहिए.
राहुल गांधी के इस बयान पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जब 15 साल तक कांग्रेस लालू यादव के साथ सत्ता में थी, तब क्या उन्हें बिहार स्विटजरलैंड नजर आता था? पीके ने सवाल किया कि जब हर घर में अपहरण और लूट आम थी, उस समय राहुल गांधी कहां थे? उन्होंने कहा कि जब लालू यादव यूपीए सरकार को समर्थन दे रहे थे, तब बिहार में सब कुछ ठीक लग रहा था.
प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर राहुल गांधी को फिर से सत्ता में लाया जाए, तो उन्हें बिहार एक बार फिर अच्छा दिखने लगेगा. उन्होंने राहुल की बिहार के प्रति राजनीतिक सोच पर सवाल उठाते हुए इसे अवसरवाद करार दिया.



