शादी के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप: व्यापारी नेता समेत 9 पर केस दर्ज

0
157

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र में तरंग संगीत केंद्र के संचालक अनुकूल कुच्छल ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए व्यापारी नेता संजय मित्तल समेत नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी से शादी कराने का मामला दर्ज कराया है. यह मामला कोर्ट के आदेश के बाद नई मंडी कोतवाली में दर्ज किया गया. अनुकूल कुच्छल का कहना है कि संजय मित्तल ने साजिश के तहत उसकी शादी बिना दहेज के अपने ड्राइवर की बेटी से कराई. उन पर यह भी आरोप है कि जल्दबाज़ी में शादी का दबाव डाला गया, जिसके चलते कोर्ट मैरिज करनी पड़ी और बाद में सामाजिक रीति-रिवाज पूरे किए गए.

अनुकूल के अनुसार, शादी के बाद उनकी पत्नी ने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया और डॉक्टर से इलाज कराने को भी तैयार नहीं हुई. जब उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया तो उसने मेडिकल जांच कराने से मना कर दिया और खुद को “अपूर्ण” बताया. कुछ समय बाद वह अपने मायके चली गई और एक दिन अपनी छोटी बहन के साथ लौटकर घर में रखे लाखों रुपये के जेवर लेकर चली गई. इस दौरान उसके परिवारजनों ने गाली-गलौज भी की.

अनुकूल ने आगे बताया कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद उन्होंने कोर्ट में अर्जी देकर शादी का रजिस्ट्रेशन निरस्त करवा लिया. वहीं, विवाहिता ने परिवार न्यायालय में ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया. अनुकूल ने अपनी पत्नी पर “मंगलामुखी” होने का आरोप भी लगाया है.

इस मामले में अनुकूल ने व्यापारी नेता संजय मित्तल और अन्य आरोपियों पर उसे बंधक बनाकर धमकाने और दबाव में शादी कराने का भी आरोप लगाया है. पहले उन्होंने प्रशासन को शिकायत पत्र दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली. कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने संजय मित्तल, हरिशंकर शर्मा, गणेश, ओमकार कश्यप सहित नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सीओ मंडी रुपाली रॉय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है. वहीं, व्यापारी नेता संजय मित्तल ने सभी आरोपों को निराधार और झूठा बताते हुए कहा कि वे अपना पक्ष कोर्ट में पेश करेंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here