हजारीबाग- मां की गोद से तीन दिन के नवजात को छिनकर महिला हुई फरार, आक्रोशित लोगों ने रखा सड़क जाम

0
313
BACCHA CHORI
सांकेतिक तस्वीर

Jhar Media: हजारीबाग से एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है. सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मी पेट्रोल पंप के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महज तीन दिन की नवजात बच्ची को उसकी मां की गोद से एक अज्ञात महिला लेकर फरार हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता महिला कटकमसांडी थाना क्षेत्र की रहने वाली है. वह अपनी तीन दिन की नवजात बच्ची को इलाज के लिए हजारीबाग डॉक्टर को दिखाने आई थी. इसी दौरान लक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात महिला ने पहले बातचीत के बहाने मां का भरोसा जीता और मौका पाकर बच्ची को उसकी गोद से लेकर फरार हो गई. जब तक मां कुछ समझ पाती, तब तक आरोपी महिला भीड़ का फायदा उठाकर मौके से गायब हो चुकी थी.

इसे भी पढ़ें- दिशोम गुरु शिबू सोरेन पद्मभूषण से सम्मानित, केंद्र सरकार ने लिया निर्णय

CCTV  फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी महिला की पहचान की जा सके. पुलिस ने बच्ची की जल्द बरामदगी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है.

आक्रोशित लोगों रखा सड़क जाम

इस घटना से आक्रोशित महिला के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा. प्रदर्शनकारी आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और बच्ची की सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे थे. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया.

इसे भी पढ़ें-पश्चिमी सिंहभूम में 17 नक्सलियों का सफाया, डीजीपी ने बढ़ाया जवानों का हौसला

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. नवजात के अपहरण की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं.

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here