Bhopal: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में कथित “लव जिहाद” का मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है. हटा क्षेत्र की रहने वाली आराधना गौतम ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए स्पष्ट किया कि उसने मुस्लिम युवक सरवर खान के साथ अपनी मर्जी से शादी की है और इस निर्णय में किसी भी प्रकार का दबाव नहीं था.
वीडियो में आराधना ने कहा, “मेरा नाम आराधना गौतम है और यह मेरे पति सरवर खान हैं. हम दोनों ने 9 अगस्त को दोपहर दो बजे अपनी मर्जी से शादी की है. इस दौरान मेरे साथ किसी प्रकार की जोर-जबरदस्ती नहीं की गई है.” युवती ने आगे कहा कि वह सरवर को पिछले 7 वर्षों से जानती है और पहले से यह भी जानती थी कि वह मुस्लिम है.
आराधना ने यह भी स्पष्ट किया कि सरवर ने कभी अपनी पहचान छिपाई नहीं और ना ही किसी प्रकार का छल किया. उसने कहा, “हमारे जाने में न तो मेरी फैमिली का और न ही इनकी फैमिली का कोई हाथ है, इसलिए दोनों परिवारों को परेशान ना किया जाए.”
महिला ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसे, सरवर को या उसके परिजनों को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसके लिए वह अपने परिजनों और रिश्तेदारों को जिम्मेदार ठहराएगी. यह बयान ऐसे समय आया है जब युवती के लापता होने पर परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए थे. आराधना के इस बयान से मामले की दिशा अब बदलती नजर आ रही है. पुलिस द्वारा भी अब इस वीडियो को जांच में शामिल किया जा रहा है.


