Bengaluru: आईपीएल 2025 में पहली बार खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की जीत का जश्न दुखद हादसे में बदल गया. 4 जून की शाम एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई. अब सामने आया है कि बेंगलुरु पुलिस ने पहले ही आयोजन को टालने की सलाह दी थी.
आरसीबी ने 3 जून को फाइनल जीतने के बाद बेंगलुरु में विजय जुलूस और जश्न की योजना बनाई थी. पुलिस ने विजय जुलूस की अनुमति नहीं दी, लेकिन स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति दी गई. पुलिस अधिकारियों ने आरसीबी प्रबंधन और राज्य सरकार से आग्रह किया था कि भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए कार्यक्रम रविवार तक टाल दिया जाए. पुलिस का मानना था कि फैंस के जोश को शांत होने देने से सुरक्षा प्रबंध बेहतर हो सकते थे.
हालांकि, आरसीबी प्रबंधन ने आयोजन 4 जून को ही करने का फैसला किया. उनका तर्क था कि विदेशी खिलाड़ी अधिक समय भारत में नहीं रुक पाएंगे क्योंकि उन्हें अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीमों से जुड़ना है. डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार भी इस मौके का राजनीतिक लाभ लेना चाहती थी.
पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह 5:30 बजे तक अधिकारी ड्यूटी पर थे और पूरी तरह थक चुके थे. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “ये पूरी तरह से पागलपन था, हमने पहले कभी ऐसा उन्माद नहीं देखा.” आरसीबी की ऐतिहासिक जीत का जश्न अब सवालों के घेरे में है, जहां लापरवाही और असंवेदनशीलता ने कई परिवारों को गहरा शोक दे दिया.



