Ranchi: सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप का विवाद सुलझ गया है. इसके रैंप के हिस्से को छोटा कर हटाया जा रहा है. सरहुल पर्व को देखते हुए इस काम को 31 मार्च तक पूरा करने की बात कही गई है. बता दें कि सरहुल पर्व एक अप्रैल को मनाया जाना है. ऐसे में सिरमटोली फ्लाइओवर का रैंप मुख्य सरना स्थल के गेट से हटाया जा रहा है.वहीं आदिवासी संगठन अब पूरी फ्लाइओवर को ही हटाने की मांग कर रहे हैं.
सीएम ने उचित फैसला लेने का दिया था आश्वासन
सरना स्थल के पास फ्लाईओवर के निर्माण का कई आदिवासी संगठनों ने विरोध किया था. इसे लेकर बीते 22 मार्च को आदिवासी संगठनों ने रांची बंद बुलाया था. इससे पहले भी सरकार और मंत्री विधायकों का आदिवासी संगठन पुतला दहन कर चुके हैं. फ्लाइओवर का मामला विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी उठा था. इसके जवाब में सीएम हेमंत सोरेन ने खुद कहा था कि किसी को चिंतित होने की जरूरत नहीं है. सरकार उचित फैसला लेगी. सभी त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जाएंगे.


