Jhar Media: चतरा जिले में एक दर्दनाक विमान हादसा सामने आया है। राजधानी रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एक निजी एयर एंबुलेंस सिमरिया थाना क्षेत्र के खसियातु करम टांड जंगल में क्रैश हो गई। हादसे में एयर एंबुलेंस में सवार मरीज, डॉक्टर और अन्य क्रू मेंबर समेत सभी सात लोगों की मौत हो गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एयर एंबुलेंस ने शाम 7:11 बजे बिरसा मुंडा हवाई अड्डा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के लगभग 23 मिनट बाद विमान का रडार से संपर्क टूट गया। इसके बाद संभावित लोकेशन सिमरिया थाना क्षेत्र के वन इलाके में चिन्हित की गई, जहां से मलबा मिलने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घने जंगल और दुर्गम इलाके के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बाद में मलबे से सभी सात शव बरामद कर लिए गए।
प्रशासन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। नागरिक उड्डयन से जुड़ी संबंधित एजेंसियां भी मामले की जांच में जुट गई हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे राज्य में शोक की लहर है।
























































