JAC मैट्रिक- इंटर की परीक्षाएं शुरू, तीसरी आंख से निगरानी

0
177

Ranchi: झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा मंगलवार से पूरे राज्य में शुरू की जा रही है. परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जैक के अनुसार मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी तक चलेगी, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा 23 फरवरी तक आयोजित की जाएगी. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से परिषद ने राज्य के सभी नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील की है.

कड़ी सुरक्षा में परीक्षा

जैक ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, अफवाह फैलाने, फर्जी प्रश्नपत्रों के प्रसार या अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया है तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी.

रिकॉर्ड परीक्षार्थी शामिल

इस वर्ष राज्यभर से कुल 7,58,182 परीक्षार्थी मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. इनमें मैट्रिक परीक्षा के लिए 4,23,861 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में 3,34,321 परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं. आंकड़ों के अनुसार इस बार इंटरमीडिएट परीक्षा में कला संकाय का दबदबा बना हुआ है. कुल इंटर परीक्षार्थियों में 63 प्रतिशत से अधिक छात्र कला संकाय से हैं, जो राज्य में इस संकाय की लोकप्रियता को दर्शाता है.

रांची में 87 परीक्षा केंद्र

जिलेवार व्यवस्था की बात करें तो रांची जिले से मैट्रिक परीक्षा में 32,723 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिससे परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. परिषद ने सभी केंद्राधीक्षकों और शिक्षकों को समय पर परीक्षा संचालन और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं.

जैक ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें, समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और पूरी ईमानदारी के साथ परीक्षा दें. परिषद का उद्देश्य है कि सभी छात्र-छात्राएं भयमुक्त वातावरण में अपनी परीक्षा सफलतापूर्वक दे सकें और परीक्षा प्रणाली पर जनता का विश्वास बना रहे.

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here