Entertainment Desk: हाल ही में अभिनेता गोविंदा के कुछ कॉलेज और प्राइवेट इवेंट्स में परफॉर्म करने और साधारण कार में नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके दिवालिया होने की अफवाहें तेज हो गई थीं। इन खबरों में दावा किया जा रहा था कि आर्थिक तंगी के कारण वह छोटे इवेंट्स में परफॉर्म कर रहे हैं। अब इन सभी अटकलों पर गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने स्पष्ट प्रतिक्रिया दी है और सच्चाई सामने रखी है।
शशि सिन्हा ने इन खबरों को पूरी तरह से बेबुनियाद और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि गोविंदा बिल्कुल भी दिवालिया नहीं हुए हैं और न ही उनकी आर्थिक स्थिति खराब है। उनके मुताबिक, किसी बड़े स्टार का प्राइवेट या कॉलेज इवेंट में परफॉर्म करना कोई असामान्य बात नहीं है। आज के समय में कई स्थापित कलाकार इस तरह के इवेंट्स का हिस्सा बनते हैं, जिसे गलत नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
मैनेजर ने यह जरूर स्वीकार किया कि कुछ साल पहले गोविंदा को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ा था। उस दौर में उन्हें अपना घर गिरवी रखना पड़ा था। लेकिन उन्होंने कड़ी मेहनत और प्रोफेशनल कमिटमेंट के दम पर पूरा कर्ज चुका दिया। अब उनकी वित्तीय स्थिति स्थिर है और वह किसी संकट में नहीं हैं।
सोशल मीडिया पर चल रही निजी जिंदगी से जुड़ी खटपट की खबरों पर भी मैनेजर ने ज्यादा टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि ज्यादातर बातें अफवाहों पर आधारित हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें।
गौरतलब है कि गोविंदा लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं, लेकिन स्टेज शो, इवेंट्स और विशेष प्रस्तुतियों के जरिए अपने फैंस से जुड़े रहते हैं। उनके मैनेजर के बयान के बाद साफ है कि दिवालियापन की खबरें महज अफवाह हैं, जिनका हकीकत से कोई संबंध नहीं है।



