Jhar Media: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत झीको चट्टी स्थित संत लॉरेंस विद्यालय में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। विद्यालय के छात्रावास में रहने वाला पांच वर्षीय मासूम सूर्यन उरांव, जो नर्सरी कक्षा का छात्र था, ट्यूशन के लिए जाते समय एक जर्जर छज्जे की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि भवन का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस खबर के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूर्यन के माता-पिता रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद में उन्होंने अपने इकलौते बेटे को छात्रावास में रखा था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। मासूम की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही कुड़ू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। भवन की स्थिति और लापरवाही के पहलुओं की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने विद्यालय प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर स्कूलों और छात्रावासों में भवन सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here