Ranchi: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 24 फरवरी 2026 को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने संभावित प्रभावित क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी है।
जारी चेतावनी के अनुसार रांची, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, रामगढ़ और बोकारो समेत आसपास के इलाकों में मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि भारी वर्षा की संभावना नहीं है, लेकिन आकाशीय बिजली को देखते हुए एहतियात बरतना जरूरी बताया गया है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी प्रणाली के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में अचानक बदले इस मौसम ने दिन के तापमान में गिरावट और शाम के समय ठंडक बढ़ने के संकेत दिए हैं। इससे पहले राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। किसान भाइयों को भी सलाह दी गई है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए खेतों में काम करें और फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
फरवरी के अंतिम दिनों में इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, वहीं वज्रपात की आशंका को देखते हुए सतर्कता बेहद जरूरी है।
























































