Ranchi News: अरगोड़ा में परिवार ने की सामूहिक आत्महत्या की कोशिश, एक की हुई मौत

0
194

Ranchi: अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों द्वारा आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना न्यू एजी कॉलोनी के मंदिर मार्ग स्थित एक आवास की है, जहां रविवार को हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार परिवार के तीन सदस्यों ने एक साथ आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें युवक किट्टू की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी जानकारी अरगोड़ा थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया तो अंदर तीनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर मां और बेटी को इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल भिजवाया, जहां दोनों का आपातकालीन उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि परिवार पिछले कुछ समय से तनाव में था। हालांकि आत्महत्या के प्रयास के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पड़ोसियों ने पारिवारिक विवाद और मानसिक दबाव की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि परिवार पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान दिख रहा था और घर में अक्सर तनाव का माहौल रहता था।

पुलिस ने घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अरगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अस्पताल में भर्ती दोनों महिलाओं के बयान दर्ज होने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here