Ranchi: राजधानी रांची में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अरगोड़ा थाना पुलिस ने दो ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार राम (25 वर्ष) और शिवम कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है. इनमें दिनेश गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र स्थित खिजरसोता का रहने वाला है, जबकि शिवम रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्यानगर करम चौक का निवासी है.
दोनों आरोपी वर्तमान में अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अशोक कुंज, कश्यप विहार में नवनीत कुमार विश्वास के घर में किरायेदार के रूप में रह रहे थे. पुलिस ने इनके पास से कुल 400 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त की है—जिसमें से 220 पुड़िया दिनेश और 180 पुड़िया शिवम के पास से मिली. यह कार्रवाई रांची के DIG सह SSP चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर की गई.
एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कश्यप विहार इलाके में कुछ युवक किराये पर रहकर नशे का कारोबार कर रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी अजीत कुमार के नेतृत्व में और हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा की देखरेख में एक टीम गठित की गई. टीम ने बताए गए ठिकाने पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि ब्राउन शुगर की तस्करी वे पांच-स्तरीय नेटवर्क के तहत करते हैं. दोनों तीसरे लेयर में काम कर रहे थे. सेकेंड लेयर के तस्कर इनके पास माल पहुंचाते थे और फिर यह माल चौथे व पांचवें लेयर के पेडलरों तक भेजा जाता था, जिससे अंततः ग्राहकों तक नशा पहुंचता.
एसएसपी ने बताया कि दिनेश पेशे से ड्राइवर है और उसकी मुलाकात एक चाय की दुकान पर एक ड्रग्स तस्कर से हुई थी. ड्राइविंग से कम आमदनी होने की वजह से वह नशे के इस अवैध कारोबार में उतर गया. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य लेयर के तस्करों की तलाश जारी है.



