Vadodra: गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब महिसागर नदी पर बना वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला पुल अचानक बीच से टूट गया. यह हादसा सुबह करीब साढ़े 8 बजे हुआ, जब पुल पर ट्रक, बाइक, कार और ऑटो रिक्शा सहित कई वाहन गुजर रहे थे. पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह जाने से कई वाहन नदी में जा गिरे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो ट्रक, एक ईको कार और एक ऑटो सीधे नदी में गिर गए, जबकि एक ट्रक पुल के किनारे पर लटक गया.
हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया गया. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है. मेडिकल ऑफिसर राहुल सिंह ने हादसे में 10 लोगों की मृत्यु की पुष्टि की है.
जानकारी के अनुसार, यह पुल लगभग 43 साल पुराना था और लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं की गई थी. पिछले कुछ दिनों से गुजरात में भारी बारिश हो रही है, जिससे महिसागर नदी का जल स्तर काफी बढ़ गया था. आशंका जताई जा रही है कि समय पर जांच और रखरखाव न होने की वजह से यह हादसा हुआ.
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद गंभीरता से लिया है. उन्होंने तुरंत एक उच्च स्तरीय समिति को मौके पर भेजा और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा सड़क एवं भवन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं. यह पुल वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ने वाला एक अहम मार्ग था, जिससे रोज़ाना भारी ट्रैफिक गुजरता था. इस हादसे ने प्रशासनिक लापरवाही और बुनियादी ढांचे की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


