पार्टी से निष्कासन के बाद तेज प्रताप यादव ने बढ़ाई राजनीतिक सक्रियता

0
187

Patna: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से निष्कासित किए गए लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं. पार्टी और परिवार से बाहर किए जाने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी है और राजनीतिक व सामाजिक गतिविधियों में अपनी उपस्थिति बनाए रखी है. उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वे पटना स्थित अपने सरकारी आवास में समर्थकों के साथ बैठक करते नजर आ रहे हैं.

तेज प्रताप ने लिखा कि बैठकों का सिलसिला जारी है और जनता का साथ मिलना उन्हें कठिन परिस्थितियों से लड़ने की ताकत देता है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनका राजनीतिक सफर अभी खत्म नहीं हुआ है. बुधवार को तेज प्रताप ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से वीडियो कॉल पर बातचीत की. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच लंबी चर्चा हुई, जिसमें बिहार की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया. तेज प्रताप ने इसे संकेत के रूप में लिया कि वे इस लड़ाई में अकेले नहीं हैं.

तेज प्रताप यादव का एक और पहलू सामने आया है – उनका पायलट बनने का सपना. वे हाल ही में बिहार उड्डयन संस्थान में कमर्शियल पायलट कोर्स में चयनित हुए हैं और जल्द ही विमान उड़ाने की ट्रेनिंग लेंगे. उन्होंने अपने पुराने मित्र और पायलट ट्रेनिंग के सहपाठी आशीष सिन्हा के साथ भी एक फोटो पोस्ट की है.

कुछ सप्ताह पहले तेज प्रताप के सोशल मीडिया अकाउंट से अनुष्का यादव नाम की युवती के साथ एक तस्वीर पोस्ट की गई थी, जिसमें 12 साल पुराने रिश्ते का दावा किया गया था. हालांकि बाद में पोस्ट डिलीट कर उन्होंने दावा किया कि उनका अकाउंट हैक हुआ था और यह सब उन्हें बदनाम करने की साजिश का हिस्सा है. इसके तुरंत बाद आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने तेज प्रताप को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया और उन्हें परिवार से भी बेदखल करने की घोषणा कर दी. तेज प्रताप का आरोप है कि पार्टी के अंदर कुछ ‘जयचंदों’ ने उनके खिलाफ साजिश रची है. उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए सरकार से सुरक्षा की मांग भी की है और कहा है कि जल्द ही षड्यंत्रकारियों के चेहरे बेनकाब किए जाएंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here