Ranchi: रांची जिले के सिल्ली प्रखंड अंतर्गत मारदू गांव में बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे एक बाघ के घुस आने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि बाघ भोजन की तलाश में गांव में दाखिल हुआ और सीधे पुरेन्द्र महतो के घर के एक कमरे में घुस गया. संयोगवश उस वक्त कमरे में कोई नहीं था, जिससे एक बड़ी घटना टल गई.
परिजनों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया और वन विभाग को सूचना दी. बाघ की मौजूदगी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. बाघ को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष उमड़ पड़े. स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची.
रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग 10 घंटे चला. वन विभाग की टीम ने बाघ को बेहोशी का इंजेक्शन देकर सफलतापूर्वक पिंजरे में कैद कर लिया. तब तक बाघ घर के अंदर ही मौजूद था, जिससे पूरे गांव और प्रशासन में दहशत का माहौल बना रहा. घर के मालिक पुरेन्द्र महतो ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे जब वह बकरी निकाल रहे थे, तभी बाघ घर में घुस गया. बाघ की आवाज सुनकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया. मौके पर प्रशासन और वन विभाग के उच्च अधिकारी भी उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने राहत की सांस ली जब बाघ को सुरक्षित पकड़ लिया गया.



