Lucknow: महाराष्ट्र में चल रहे भाषा विवाद के बीच समाजवादी पार्टी के सांसद और घोसी लोकसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि राजीव राय ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव गुट) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को निशाने पर लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए राज ठाकरे को सीधे ललकारा और महाराष्ट्र में हिंदी भाषियों के खिलाफ की जा रही राजनीति को “कायरता” करार दिया.
राजीव राय ने अपने पोस्ट में राज ठाकरे से सवाल किया, “कभी आपने सोचा कि महाराष्ट्र में अब तक आपकी राजनीतिक जमीन क्यों नहीं बन पाई?” उन्होंने आरोप लगाया कि जब जनता पूछती नहीं, तो हिंदी भाषी गरीबों के खिलाफ गुंडागर्दी कर खुद को खबरों में लाने की कोशिश की जाती है. उन्होंने कहा कि यह रवैया किसी भी राजनेता के लिए शोभा नहीं देता और इसे कायरता की निशानी बताया.
सांसद राय ने राज ठाकरे को चुनौती देते हुए कहा, “अगर हिम्मत है तो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को महाराष्ट्र से बाहर निकाल कर दिखाओ.” उन्होंने याद दिलाया कि हिंदी सिनेमा ने ही मुंबई को बॉलीवुड के रूप में अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है और ठाकरे परिवार ने भी इसी इंडस्ट्री से अरबों की कमाई की है. फिर ऐसे में सिर्फ हिंदी बोलने वाले गरीबों को निशाना बनाना अनुचित है.
राजीव राय ने यह भी कहा कि रोज़गार के लिए महाराष्ट्र आने वाले हिंदी भाषी लोग कोई अपराधी नहीं हैं, जैसे हजारों मराठी परिवार भी हिंदी फिल्मों पर निर्भर हैं. उन्होंने लिखा कि भारत किसी एक भाषा या क्षेत्र की बपौती नहीं है. “देश का हर कोना सभी देशवासियों का है, जैसे हर मराठी नागरिक का पूरे भारत पर समान अधिकार है.”
अंत में उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज को पूरे देश का नायक बताया और कहा, “इस देश की आत्मा ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना में बसती है, दो कौड़ी की गुंडागर्दी में नहीं. और गुंडागर्दी का इलाज भी मुमकिन है — और बहुत अच्छी तरह से मुमकिन है.”



