Ranchi: श्री महावीर मंडल रांची महानगर की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को चैंबर भवन में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के महावीर मंडल, अखाड़ा एवं श्रृंगार समिति के प्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे रांची जिले से कुल 185 मंडल और अखाड़ों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत श्री महावीर मंडल के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय तिलक राज अजमानी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
अध्यक्षों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर महावीर मंडल एवं विभिन्न अखाड़ों के अध्यक्षों को अंगवस्त्र, तलवार एवं महावीरी झंडा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक सी.पी. सिंह ने सभी रामभक्तों से रामनवमी शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
भव्य रामनवमी की तैयारी
महावीर मंडल रांची महानगर के अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि रांची क्षेत्र के जिन अखाड़ाधारियों को शोभायात्रा या झांकी निकालने में किसी प्रकार की समस्या हो रही हो, वे महानगर के पदाधिकारियों को अवगत कराएं, उनकी हर संभव सहायता की जाएगी।
महामंत्री मुनचुन राय ने कहा कि महावीर मंडल सभी अखाड़ों और रामभक्तों के साथ खड़ा है और इस वर्ष की रामनवमी को भव्य एवं मनोरम बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि रांची के रामभक्तों का जोश और उत्साह देखते हुए आने वाले समय में रांची की रामनवमी देश की सबसे बड़ी और भव्य रामनवमी के रूप में स्थापित होगी।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
बैठक में संरक्षक पवन बजाज, शेखर शरण, प्रेम वर्मा, अमरिंदर सिन्हा पप्पू, अजय बथवाल, रमेश बाली, शिव गुप्ता एवं अशोक चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दिलीप सोनी, सह-संयोजक श्यामानंद पांडे तथा उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, धीरज तनेजा, प्रकाश ढालिया, मनीष सराफ, रोहित अग्रवाल, बजरंग वर्मा, राजीव चटर्जी, राजेश्वर राजन, अमित सिंह, प्रवीण लोहिया, शंभू प्रसाद एवं ललित चौधरी मौजूद रहे।
इसके अलावा मीडिया प्रभारी, कोषाध्यक्ष, संगठन सचिव, सचिव मंडल, संयुक्त सचिव, स्वागत समिति एवं आयोजन समिति के सभी सदस्य भी बैठक में उपस्थित रहे और रामनवमी को भव्य बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में श्री संकट मोचन मंदिर जीर्णोद्धार समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर रांची की रामनवमी को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।



